प्रतीकात्मक तस्वीर फोटो सोशल मीडिया
हरियाणा के हिसार के हांसी बस अड्डा के नजदीक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) हिसार की टीम ने पुलिस के एक ASI दयानंद को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। एएसआई दयानंद की ड्यूटी तोशाम थाना में थी और उसने हांसी के सुनील से किसी अन्य मुकदमे में गिरफ्तारी वारंट तालिम करवाने की एवज में 5 हजार रुपए की डिमांड की थी।
मिली जानकारी के अनुसार एएसआई दयानंद तोशाम थाना (भिवानी) में समन स्टाफ में लगा हुआ था। वह भिवानी जिला से बाहर के व बाहर के प्रदेशों के समन करवाता था। इस कड़ी में हांसी के रहने वाले सुनील कुमार पर कोई मुकदमा दर्ज था। एएसआई दयानंद मुकदमे में गिरफ्तारी वारंट को लेकर सुनील कुमार के पास गए। इस दौरान मुकदमे में गिरफ्तारी वारंट पेश करने को लेकर 5 हजार रुपए की मांग की।
एंटी करप्शन ब्यूरो हिसार को दी शिकायत में सुनील कुमार ने बताया कि 22 अप्रैल को एएसआई उसके घर आया था। जिसने मुझे कहा तेरे खिलाफ तोशाम अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया हुआ है और तुझे आज गिरफ्तार करके ले जाऊंगा। इस दौरान पुलिस कर्मी दयानंद ने कहा कि यदि तुम 5000 रूपए दे दो तो तुमको यही छोड़ जाऊंगा। इस पर उसने एएसआई दयानंद से कहा कि उसके पास पैसे नही है। वह प्रबंध करके आपको जल्द ही दे देगा। सुनील के अनुसार इस मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो हिसार को दी।
मंगलवार को हांसी बस स्टैंड के पीछे जब सुनील ने एएसआई दयानंद को 5 हजार रुपए दिए तो आसपास खड़ी एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोच लिया। एएसआई के कब्जे से रिश्वत के 5 हजार रुपए भी बरामद कर लिए। उसके खिलाफ केस दर्ज कर टीम उससे पूछताछ कर रही है।

Comments
Post a Comment