राव समर्थक या संगठन का होगा चेहरा
रेवाड़ी नगर परिषद चेयरपर्सन पद के चेहरे को लेकर भाजपा में लगातार मंथन का दौर जारी है। आम लोगों में चर्चा है कि क्या गत विधानसभा चुनाव की तरह नगर निकाय चुनाव में भी केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को तरजीह मिलेगी या फिर पार्टी संगठन अपनी चला पाएगा। टिकट लेने की लाइन में एक तरफ तो वह चेहरे है जो वर्षों से पार्टी में रहकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं। वहीं दूसरी और केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह के खास समर्थक है जो राव के आशीर्वाद से टिकट प्राप्त करना चाहते हैं। । गत विधानसभा चुनाव की बात करें तो केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को पार्टी ने फ्री हैंड दिया था। जिस तरह से पार्टी ने उन पर विश्वास जताया था उसका परिणाम भी सामने आया था। दक्षिणी हरियाणा की 11 विधानसभा सीटों में से 10 विधानसभा सीट जीत कर भाजपा की झोली में डाली थी। भाजपा जानती है कि केंद्रीय मंत्री राव इंदरजीत सिंह का इस क्षेत्र में काफी प्रभाव है। पार्टी राव की नाराजगी मोल लेकर अपने दम पर चुनाव में चेहरा उतारने का दम नहीं दिखा पा रही। चर्चा यह भी है कि इस चुनाव में कैबिनेट मंत्री राव नरवीर की भी एंट्री हो चुकी है। राव नरवीर सिंह चाहते हैं कि पार्टी भाजपा कार्यकर्ता को टिकट दे, जो वर्षों से पार्टी के लिए पसीना बहा रहे हैं। पार्टी के नेताओं में यह भी सुगबुगाहट है कि पूर्व नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल एक बार नगर परिषद की चेयर पर्सन रह चुकी है। उनके स्थान पर किसी नए चेहरे को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वहीं बीते दिन कांग्रेस के शहरी प्रधान प्रवीण चौधरी ने प्रेस वार्ता कर विनीता पीपल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि विनीता पीपल पर मुकदमा दर्ज है और इसकी सुनवाई हाई कोर्ट में चल रही है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि इस बार पार्टी केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के सामने घुटने नहीं टेकेगी। पार्टी चाहेगी कि राव इंद्रजीत सिंह को विश्वास में लेकर पार्टी के कार्यकर्ता को इस बार मैदान में उतरा जाए। अगर पार्टी ऐसा करती है तो कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। अब देखना होगा कि राव समर्थक को टिकट मिलेगी या फिर पार्टी कार्यकर्ता को,यह तो एक-दो दिन में ही तस्वीर साफ हो पाएगी।

Comments
Post a Comment