हरियाणा पुलिस का कारनामा: ऑक्सीजन सिलिंडर ले जा रही गाड़ी को रोका, कागज दिखाने पर भी नहीं जाने दिया, मरीज की जान चली गई
चालक ने वीडियो कॉल कर मरीज की हालत भी दिखाई लेकिन पुलिसकर्मी नहीं माने और गाड़ी चालक का मोबाइल छीन लिया।
हरियाणा पुलिस के कारण एक कोरोना मरीज की जान चली गई। पंजाब के धुरी से ऑक्सीजन के दो सिलिंडर लेकर एक गाड़ी यूपी के गाजियाबाद जा रही थी। रात करीब 11 बजे जींद में गतौली चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को रोक लिया। चालक गुरप्रीत सिंह से कागज मांगे गए। उसने कागज दिखाए। इस पर पुलिस ने कहा कि सुबह सिविल सर्जन इसे चेक करेंगे, तब गाड़ी को जाने दिया जाएगा। पुलिस पर चालक को जांच के नाम पर चौकी में बंद करने के आरोप लगे हैं।
आरोप है कि चालक ने वीडियो कॉल कर मरीज की हालत भी दिखाई तो भी पुलिसकर्मी नहीं माने और गाड़ी चालक का मोबाइल छीन लिया। सुबह जब जींद के सिविल सर्जन को कागज दिखाए गए तो उन्होंने कागज सही बताए। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी चालक को जाने दिया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। ऑक्सीजन की कमी से गाजियाबाद निवासी 60 साल के ललित मोहन की मौत हो चुकी थी। पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गतौली चौकी इंचार्ज ने शराब पी रखी थी। डीआईजी ओपी नरवाल ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


Comments
Post a Comment