ऑक्सीजन की कमी से मौत: हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने लिया स्वत: संज्ञान, डीजी हेल्थ को नोटिस, दो सप्ताह में मांगा जवाब
फाइल फोटो
आयोग ने हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के अलावा हिसार, रेवाड़ी और गुरुग्राम के डीसी-एसपी को नोटिस जारी किया है।
हरियाणा के हिसार में सोनी बर्न अस्पताल में पांच मरीजों की ऑक्सीजन की कमी से मौत के मामले में हरियाणा मानव अधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के अलावा हिसार, रेवाड़ी और गुरुग्राम के डीसी-एसपी को नोटिस जारी किया है। आयोग ने ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई मौतों पर दो सप्ताह में जवाब मांगा है।
आयोग के अनुसार, उनके संज्ञान में यह भी आया है कि ऑक्सीजन की कमी के कारण गुरुग्राम, रेवाड़ी में भी इसी तरह से मरीजों की मौत हो चुकी है। अखबारों में प्रकाशित समाचारों के आधार पर पहली जांच में यही लगता है कि पांच कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई है।
अगर हरियाणा में ऑक्सीजन की कमी नहीं है तो कोरोना संक्रमितों की मौत क्यों हो रही हैं। यदि ऑक्सीजन की कमी के कारण मरीजों की मौत हो रही है तो यह मानव अधिकार कानूनों का गंभीर उल्लंघन है। ऐसे में पर मानव अधिकार आयोग आंखें बंद नहीं कर सकता। स्वत: संज्ञान लेते हुए हरियाणा मानव अधिकार आयोग स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक, हिसार की उपायुक्त, गुरुग्राम और रेवाड़ी के डीसी के साथ इन तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों से दो सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश देता है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि आयोग को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में मौत के कारणों का विस्तार से खुलासा किया जाए। आयोग ने निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह से मौत न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जाएं। अगली सुनवाई से दो दिन पहले रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इस मामले में आयोग 17 मई को सुनवाई करेगा।


Comments
Post a Comment