हरियाणा के पूर्व CM पर भड़के अजय चौटाला:बोले- मनोहर लाल की हैसियत क्या जो दुष्यंत की जांच कराएंगे; मुख्यमंत्री तो नायब सैनी हैं
हरियाणा के पूर्व CM मनोहर लाल खट्टर के दुष्यंत चौटाला के खिलाफ जांच कराने के बयान पर जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला भड़क गए। चौटाला ने सीधे पूछा कि मनोहर लाल खट्टर की हैसियत क्या है कि वह ये कहते हैं कि मैं जांच कराऊंगा। वह तो विधायक भी नहीं। मुख्यमंत्री तो नायब सिंह सैनी हैं।
भिवानी पहुंचे अजय चौटाला ने यह भी कहा कि अगर जांच होती है तो फिर खट्टर के खिलाफ भी होगी। वह लोगों को मूर्ख बना रहे।
मनोहर लाल खट्टर ने इसी जजपा के साथ मिलकर हरियाणा में साढ़े 4 साल गठबंधन की सरकार चलाई। खट्टर के सीएम रहते अजय चौटाला के बेटे दुष्यंत चौटाला जजपा से डिप्टी सीएम थे। हालांकि लोकसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग पर सहमति न होने की वजह से उनका गठबंधन टूट गया।
अजय चौटाला की खट्टर को लेकर कही अहम बातें...
मनोहर लाल मुखिया थे, पहले जांच से किसने रोका
डॉ. अजय चौटाला ने कहा- जिस जांच की बात वह करते हैं। मनोहर लाल उसके मुखिया थे। उसकी जांच कराएं। रोका किसने है। जब मनोहर लाल मुखिया थे तो अनेक बार ये मांगे विधानसभा में भी उठीं। तब जांच करवाते। इस तरह की जांच का स्वागत है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो।
मनोहर लाल तो MLA भी नहीं, वह आम वोटर
आज मनोहर लाल किस हैसियत से ये कहते हैं कि वह जांच कराएंगे। वह तो एक आम आदमी है। MLA भी नहीं हैं। वह किस हैसियत से कहते हैं कि मैं जांच कराऊंगा। मुख्यमंत्री तो नायब सिंह हैं, वह जांच करवा सकते हैं। मनोहर लाल किस हैसियत से ये सब कह रहे हैं। वह क्या है?। वह तो मेरी तरह वोटर है। वह किस हैसियत से जांच करवा सकता है। अगर करवा सकता है तो फिर उस वक्त वह मुखिया था, उसी के खिलाफ जांच होगी। यह तो लोगों को मूर्ख बनाने की बात है।
दुष्यंत को लेकर बयान से छिड़ा विवाद
दुष्यंत चौटाला पर डिप्टी सीएम रहते विरोधी दलों ने कई आरोप लगाए। दुष्यंत पर भ्रष्टाचार को लेकर पहले पंचकूला में सीएम नायब सैनी ने कहा कि शिकायत आई तो इसकी जांच कराएंगे। इसके अगले दिन मनोहर लाल खट्टर रेवाड़ी के कोसली में पहुंचे। यहां जब उनसे पूछा गया कि सीएम ने दुष्यंत चौटाला के खिलाफ जांच की बात कही है तो उन्होंने कहा कि आरोप लगते हैं तो जांच की जाती है। कोई दोषी हुआ तो उसे हम बख्शते नहीं हैं।
दिग्विजय चौटाला ने कहा- नारायणगढ़ माफिया की भी जांच होगी
इसके बाद जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जब ऐसी जांच की बात हो रही है तो नारायणगढ़ के माफिया की भी जांच करवा लेनी चाहिए। वहां के जितने बजरी माफिया, रेत माफिया हैं, उनकी भी जांच होनी चाहिए।
खट्टर ने कहा- नो कमेंट्स
खट्टर के बयान पर विवाद शुरू होते ही वह बैकफुट पर आ गए। बुधवार को खट्टर करनाल पहुंचे और जब उनसे दिग्विजय चौटाला के नारायणगढ़ माफिया की जांच को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब देने से इनकार कर दिया। खट्टर ने कहा कि मुझे इसे लेकर कोई टिप्पणी नहीं करनी, न ही इसका कोई जवाब देना है। क्योंकि, वे इस तरह के मामले को तूल देना चाहते हैं।
जजपा के समर्थन से बनी सरकार, सीट शेयरिंग न होने पर टूटा गठबंधन
BJP और JJP के बीच हरियाणा में 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद गठबंधन हुआ। BJP ने अपने 40 विधायक और JJP के 10 विधायकों के साथ सरकार बना ली। मनोहर लाल दोबारा मुख्यमंत्री बने और गठबंधन के तहत दुष्यंत चौटाला को डिप्टी CM बनाया गया। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले 12 मार्च को सवा 4 साल पुराना गठबंधन टूट गया।
इसके बाद भाजपा ने मनोहर लाल को सीएम की कुर्सी से हटाकर नायब सैनी को सीएम बना दिया। वहीं दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वह हिसार और भिवानी सीट मांग रहे थे लेकिन भाजपा रोहतक दे रही थी, इस वजह से गठबंधन तोड़ दिया।


Comments
Post a Comment