BREAKINGनूंह में मोबाइल इंटरनेट बंद:आज शाम से 29 तक बल्क SMS भी बंद, 28 की ब्रजमंडल यात्रा से पहले सरकार का फैसला
हिंसा प्रभावित नूंह में फिर से इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। आज शाम से 29 अगस्त तक सेवाओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। लोग अपने फोन से सिर्फ कॉलिंग कर पाएंगे। बल्क SMS नहीं कर सकेंगे। पुलिस प्रशासन की ओर से यह फैसला 28 अगस्त को हिंदू संगठनों की ओर से फिर से ब्रज मंडल यात्रा की घोषणा किए जाने को लेकर लिया गया है।
इससे पहले नूंह जिले में 31 जुलाई को हुई हिंसा के बाद 13 दिनों तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। हिंसा वाले दिन हालातों को देखते हुए 8 अगस्त तक सरकार द्वारा इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी गई थी। सरकार की ओर से इसका समय बढ़ाकर 13 अगस्त किया गया, लेकिन 13 अगस्त की रात 12 बजे के बाद इंटरनेट सेवा बहाल हो गई।
यहां देखिए ऑर्डर...
VHP नूंह में ब्रजमंडल यात्रा पर अड़ी
वहीं नूंह में ब्रजमंडल यात्रा को लेकर फिर से हिंदू संगठन मैदान में आ गए हैं। सावन के आखिरी सोमवार 28 अगस्त को अधूरी रही ब्रजमंडल यात्रा को पूरी करने का ऐलान किया गया है। हालांकि तनाव के हालात और जी-20 सम्मेलन को देखते हुए प्रशासनिक सूत्र यात्रा के स्थगित होने का दावा कर चुके हैं। अब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने यह कह कर प्रशासन को सकते में ला दिया है कि 28 अगस्त को हर हाल में ब्रजमंडल यात्रा पूरी की जाएगी। यात्रा के स्थगित होने के दावे पर उपहास उड़ाया गया है।
विहिप के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने गुरुग्राम में कहा कि आगामी 28 अगस्त को नूंह में दल बल के साथ हर हाल में ब्रजमंडल यात्रा निकाली जाएगी। विश्व हिंदू परिषद ने नूंह प्रशासन को कहा है कि यात्रा उन्हें परेशान करने के मकसद से नही बल्कि जल अभिषेक करने के मकसद से की जा रही है और यह हमारा संवैधानिक अधिकार है।
डॉ. सुरेंद्र जैन की माने तो उन्होंने नूह प्रशासन को सुझाव भी दिया है कि अगर प्रशासन चाहे तो हम यात्रियों की संख्या और स्वरूप को बदलने के लिए तैयार हैं, लेकिन यात्रा हर हाल में की जाएगी।
परमिशन मांगी ही नहीं तो रद कैसे हुई
विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक देविंदर सिंह ने कहा कि मंदिर में जल अभिषेक के लिए किसी की परमिशन की जरूरत नहीं होती। जब हमने किसी परमिशन के लिए अप्लाई ही नहीं किया तो रद्द करने का सवाल ही नहीं है। हम 28 अगस्त को सावन के आखरी सोमवार को नलहड़, फिरोजपुर झिरका और पुन्हाना के श्रृंगार मंदिर में जल अभिषेक कर यात्रा का समापन करेंगे।
वहीं ब्रज यात्रा में पहले की भांति डीजे होंगे या नहीं, के सवाल पर देविंदर सिंह ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद डीजे नहीं ले जाएगी। लेकिन अगर यात्रा में शामिल कोई व्यक्ति अपनी मर्जी से डीजे ले जाना चाहे तो उसे हम रोक नही सकते।
यात्रा होगी या नही 28 को होगा तय
वही विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री यशवंत सिंह की माने तो यात्रा की तैयारियां लगातार जारी है और 28 अगस्त को ही पता चलेगा कि यात्रा होगी या नहीं। यानी विश्व हिन्दू परिषद ने नूह में आयोजित होने वाली ब्रज यात्रा को जहां 'नाक' का सवाल बना लिया है, तो वही नूह एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने यात्रा की अनुमति को रद करने का ऐलान किया है। ऐसे विश्व हिंदू परिषद का यह कहना की यात्रा हर हाल में होगी, नूह जिला प्रशासन की मुश्किलों को जरूर बढ़ा सकता है।



Comments
Post a Comment