हरियाणा के राज्य मंत्री का विरोध अपने हलके की समस्याओं की अनदेखी भारी पड़ गई, जब उनके खिलाफ नारेबाजी कर दी, समर्थकों के साथ हुई धक्का-मुक्की
हिसार के किरमारा में मंत्री समर्थकों और छात्रों में गहमागहमी हुई। छात्रों ने बस समस्या को लेकर नारेबाजी की थी।
हरियाणा के राज्य मंत्री अनूप धानक को अपने हलके की समस्याओं की अनदेखी उस समय भारी पड़ गई, जब छात्रों ने उनके खिलाफ नारेबाजी कर दी। मंत्री अनूप धानक हर शनिवार को ग्रामीणों की शिकायतें सुनते हैं। शनिवार शाम को किरमारा गांव में शिकायतें सुनने पहुंचे थे। इस दौरान मंत्री समर्थकों और विरोधियों के बीच गहमागहमी और कहासुनी भी हुई।
विरोध बढ़ता देखकर मंत्री कार्यक्रम से निकल गए। मंत्री के विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
हिसार के अग्रोहा के गांव किरमारा में शनिवार को राज्यमंत्री अनूप धानक चौपाल में शिकायत सुनने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान ही कुछ छात्र और छात्राएं भी पहुंच गईं। छात्राओं ने अग्रोहा, हिसार, आदमपुर, फतेहाबाद के लिए बसों की संख्या बढ़ाने की मांग की। छात्राओं ने कहा कि उन्हें रोजाना निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
सरकार समस्या का समाधान नहीं कर रही
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से छात्राओं के लिए स्पेशल बसें, कॉलेज तक पिंक बसें चलाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। अपनी मांग की सुनवाई न होते देखकर छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी कर दी।
इस पर मंत्री समर्थक उन्हें कार्यक्रम से दूर लेकर जाने का प्रयास करने लगे। जबकि छात्र इसका विरोध करने लगे। दोनों पक्षों में इस बात को लेकर गहमागहमी हुई। इसके बाद मंत्री विरोध के बीच अपनी गाड़ी में जाकर बैठ गए और चले गए। अनूप धानक हिसार के उकलाना के विधायक हैं, वे जजपा कोटे से मंत्री बने हैं।


Comments
Post a Comment