हरियाणा के यमुनानगर में बिजली निगम के सहायक लाइन मैन (ALM) को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उसने नया बिजली कनेक्शन जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। एसीबी की टीम गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ कर रही है।
बताया गया है कि गांव गोलनपुर के सचिन कुमार ने नए बिजली कनेक्शन के लिए बिजली निगम में आवेदन किया था। कनेक्शन के लिए उसकी फाइल निगम के सहायक लाइनमैन ऋषि पाल के पास आयी हुई थी। उसने कनेक्शन जारी करने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। रिश्वत के बिना वह कनेक्शन जारी करने के लिए कार्रवाई नहीं कर रहा था।
परेशान होकर सचिन ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को कर दी। एसीबी ने एएलएम ऋषिपाल को रंगे हाथ पकड़ने की योजना तैयार की। इसके लिए एमएसएमई केंद्र, यमुनानगर के सहायक निदेशक विश्व प्रताप सिंह को डयूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया। इसके बाद सचिन को 10 हजार रुपए देकर ऋषिपाल के पास भेजा गया। 10 हजार के नोटों पर केमिकल लगाया गया था ओर साथ ही इनके नंबर भी नोट किए गए थे।
सचिन ने ऋषिपाल को रिश्वत दी तो एसीबी ने इशारा मिलते ही कार्यालय में रेड कर दी। उसे गिरफ्तार कर रिश्वत के 10 हजार रुपए बरामद कर लिए गए। पंचकूला एसीबी के डीएसपी देविंदर सिंह ने बताया कि एएलएम ऋषिपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ चल रही है। रविवार को कोर्ट में पेश करेंगे।

Comments
Post a Comment