हरियाणा/रेवाड़ी, 30 मार्च।
जिला पुलिस की तरफ से थाना स्तर पर सीएलजी (कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप) कमेटी के गठन की जारी प्रक्रिया के तहत बुधवार को रोहडाई थाना परिसर में स्थानीय लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार ने बैठक की। बैठक में एएसपी पूनम व डीएसपी कोसली मुकेश कुमार भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बैठक में आए लोगों से पुलिस व आमजन के बीच सामंजस्य स्थापित करने व अपराध की घटनाओं को रोकने पर सुझाव भी लिए और पुलिस की ओर से हर मदद का भरोसा दिया। इस अवसर जिला कमेटी के सदस्यों ने बैठक में आए आमजन को सीएलजी कमेटी से महत्व से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर कमेटी का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस का बेहतर समन्वय होना बेहद जरूरी है। इसके लिए सबसे पहले न केवल पुलिस की तरफ से कदम उठाया गया है, अपितु आम जनता के सुझावों पर प्रभावी ढंग से अमल किया जाएगा। उस के अनुरूप कदम उठाए जाएंगे। इससे पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा और आपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस की तरफ से आपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने कहा कि पुलिस द्वारा नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। नशा बेचने वाले ग्रामीण क्षेत्र में भी सक्रिय हो रहे है। गांवों में कही भी नशा बेचने व अन्य गैर कानूनी कार्य करने वालों के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है तो उसके बारे में पुलिस को सूचना दें। नशा बेचने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाले मामूली विवाद बड़ी रंजिश का रूप ले लेते है। आपसी मनमुटाव व झगड़ों को समाज के लोग एक साथ बैठ कर सुलझाएं ताकि आपस में प्यार व सम्मान बना रहे।
जिलास्तरीय कमेटी के सदस्य एडवोकेट रामनाथ महलावत एवं सुनील भार्गव ने कमेटी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। रोहडाई थाना एसएचओ रामानंद ने सभी का आभार जताया।



Comments
Post a Comment