हरियाणा में बिजली निगम के खातों में बड़ा फर्जीवाड़ा, चार आराेपियों से 70 लाख का सोना और 57 लाख की नगदी बरामद
(हरियाणा)
पानीपत पुलिस की सीआईए-टू ने उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम के बैंक खाते में करोडों रुपये की नगदी का फर्जीवाड़ा करने के आरोपित चार निगम कर्मचारियों से रिमांड के दौरान 57.16 लाख रुपये की नगदी, करीब 70 लाख रूपये कीमत का 1.800 किलो सोना, 17 लाख रुपये कीमत की स्कार्पियो व तीन मोबाइल फोन सैट बरामद किए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने बताया कि सुरेश कुमार पुत्र रणधीर सिंह निवासी गांव कारद जिला पानीपत ने थाना समालखा पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके बैंक खाते में बिजली निगम के बैंक खाते से नगदी जमा करवाई गई है। सुरेश की शिकायत पर सीआईए-टू ने जांच शुरू की गई तो बिजली निगम से करोड़ों रुपये के गबन का खुलासा हुआ। गबन के इस केस में बिजली निगम के कर्मचारी पवन शर्मा पुत्र अवतार शर्मा व राधव वाधवन उर्फ सौरभ निवासी सहारनपुर, अजय शर्मा पुत्र अनिल शर्मा निवासी समालखा, पानीपत, योगेश लांबा पुत्र सतपाल लांबा निवासी यमुनानगर को गिरफ्तार किया और इनके खिलाफ थाना समालखा में आईपीसी की धारा 409, 420, 120, 34 के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपित पवन शर्मा से रिमांड के दौरान तीन लाख रुपये व दो मोबाइल फोन सैट, अजय शर्मा से 2.30 लाख रूपये, योगेश लांबा से 5 लाख रूपये बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपित आपस में मिल कर फर्जी पीपीओ व बाउचर तैयार करके बिजली निगम के बैंक खाते से रूपये निकाल कर आपस में बांट लेते थे। आरोपित राघव वधावन से 46.86 लाख रूपये व गबन के रूपयों से खरीदी गई करीब 70 लाख रूपये कीमत का 1.800 किलो सोना, 17 लाख रूपये कीमत की स्कार्पियो बरामद की है। आरोपितों से रिमांड के दौरान पुलिस अभी तक 1 करोड़ 16 लाख 86 हजार रूपये की बरामदगी की जा चुकी है। जबकि आरोपित राघव को पुलिस ने बुधवार को फिर कोर्ट में पेश कर पांच अप्रैल तक के लिए रिमांड पर लिया है।


Comments
Post a Comment