रेवाडी: करीब चार वर्ष पूर्व भाड़ावास चौक पर सैनिक भवन में स्थापित किए गए सब भर्ती केंद्र को भर्ती केंद्र में बदलने के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। रक्षा मंत्री से मुलाकात के बाद रेवाड़ी में भर्ती केंद्र की स्थापना की उम्मीद जागी है।
महज सफेद हाथी बनकर रह गया है उप भर्ती केंद्र
16 नवंबर 2016 को रेवाड़ी में हुई रैली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ही रेवाड़ी में भर्ती उपकेंद्र खोलने को मंजूरी दी थी। भर्ती उपकेंद्र का युवाओं को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है क्योंकि यह महीने में दस दिन ही खुला रहता है। अग्रसेन चौक के निकट स्थित सैनिक भवन के एक कमरे में यह उपकेंद्र चल रहा है। इस केंद्र में महज दो कर्मचारी चरखी दादरी स्थित भर्ती केंद्र से आकर बैठते हैं। यहां ज्यादा से ज्यादा युवाओं को होने वाली भर्ती की जानकारी मिल पाती है। भर्ती केंद्र अगर यहां खुलेगा तो सेना के बड़े अधिकारी यहां बैठने लगेंगे और सेना में जाने के लिए होने वाली तैयारी से लेकर अन्य जानकारी तक उपलब्ध होगी।
राव ने मजबूती से रखा पक्ष
राव इंद्रजीत सिंह ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से शुक्रवार को मजबूती से भर्ती केंद्र बनाने को लेकर पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अहीरवाल को सैनिकों की खान कहा जाता है। 16 नवंबर 2016 की रैली में उन्होंने ही रेवाड़ी में भर्ती सब केंद्र खोलने की घोषणा की थी। रेवाड़ी में भर्ती सब केंद्र की स्थापना हुई, लेकिन इसका पूरा लाभ यहां के युवाओं को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने रेवाड़ी के भर्ती सब केंद्र को भर्ती केंद्र के रूप में बदलने की मांग की। रक्षा मंत्री ने कहा कि अहीरवाल के सैनिकों की वीरता पर देश को नाज है। वह भर्ती केंद्र की स्थापना को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट तलब करेंगे। राव ने रक्षा मंत्री को बताया कि भर्ती सब केंद्र भी महीने में कुछ दिनों को छोड़कर बाकी दिन बंद रहता है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। राव ने रेवाड़ी में आगामी महीनों में होने वाली सेना भर्ती की चर्चा की और उनकी सभी तैयारियों को करने के निर्देश अधिकारियों को देने को कहा।



Comments
Post a Comment