रेवाड़ी: कोरोना से मरने वालों की संख्या जिले में 22 हो गई है। 21 अगस्त को दम तोड़ने वाले जिले के एक गांव निवासी सेवानिवृत्त प्रिसिपल की मौत का कारण भी चिकित्सकों की टीम ने कोरोना को ही माना है। वहीं बृहस्पतिवार को जिला में 54 कोरोना संक्रमित और मिले हैं। वहीं 60 मरीज ठीक भी हुए हैं।
घर लाने के बाद हुई मौत
जिला के एक गांव के रहने वाले 69 वर्षीय सेवानिवृत्त प्रिसिपल को पीलिया हुआ था। परिवार के लोग उन्हें जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में लेकर गए थे। वहां 11 अगस्त को जब उनका कोविड टेस्ट हुआ तो वे नेगेटिव पाए गए थे। 16 अगस्त को दोबारा से सैंपल लिया गया। 19 अगस्त को परिवार के लोग उनको अस्पताल से लेकर वापस गांव पहुंचे थे। वापस आने के बाद परिवार को जानकारी मिली कि दूसरी रिपोर्ट में सेवानिवृत्त प्रिसिपल संक्रमित पाए गए हैं। 21 अगस्त को सेवानिवृत्त प्रिसिपल ने दम तोड़ दिया था। हालांकि परिवार के लोगों का कहना है कि उनको बुखार व खांसी तक नहीं हुआ तथा न ही कोरोना के कोई अन्य लक्षण उनमें थे। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद अब उनकी मौत को कोरोना से हुई मौत में शामिल किया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 40451 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 3327 कोविड संक्रमित मिले हैं। इनमें 2840 नागरिक कोविड संक्रमण से ठीक हुए हैं और अब तक 22 मरीजों की मौत हुई है। अब जिले में कोविड संक्रमण के 465 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 36638 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। शेष 486 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है।
जिलाभर में 28 नागरिक क्वारंटाइन किए गए हैं। 411 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
जो 54 नए कोविड संक्रमित केस आए हैं, इनमें से 24 रेवाड़ी शहर, 9 धारूहेड़ा, 4 बावल, 3 चांदपुर की ढ़ाणी, दो-दो बीकानेर, आसलवास व ततारपुर तथा एक-एक केस हासांका, कोसली, लोहाना, मामडिय़ा अहीर, नांगल जमालपुर, भाड़ावास, निगानियावास व सुठानी से संबंधित हैं। जो 60 कोविड संक्रमित नागरिक ठीक हुए हैं, उनमें से 42 रेवाड़ी शहर, 7 धारूहेड़ा, तीन बावल, दो गुरावड़ा, तथा एक-एक बीकानेर, फतेहपुरी, मोहम्मदपुर, पीवरा की ढ़ाणी, शेखपुर शिकारपुर व सुठानी से संबंधित हैं।



Comments
Post a Comment