Skip to main content

हरियाणा में इनेलो महिला प्रधान पर धोखाधड़ी की FIR:DC से रिश्तेदारी बता NHM में नौकरी के लिए 5 लाख रुपए हड़पे


हरियाणा के कैथल में पुलिस ने भिवानी इनेलो महिला प्रकोष्ठ की जिला प्रधान इंदु परमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। उसने तत्कालीन डीसी सुजान सिंह से रिश्तेदारी का हवाला देकर NHM में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख रुपए ठगे। नौकरी न मिलने पर रुपए वापस मांगे तो पीड़ित को बदमाशों से धमकी दिलाई। मामला गृह मंत्री अनिल विज के संज्ञान में आया तो इनेलो नेत्री के खिलाफ केस दर्ज हुआ। अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जांच में लगी है।


  फोटो सोशल मीडिया

बेटे की नौकरी के लिए की बात

कैथल की वैष्णो कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि भिवानी में इनेलो की महिला विंग की जिला प्रधान इंदु परमार, जो कि भिवानी के चांग गांव से है, से उनकी पहचान थी। उसने उसे बताया कि डीसी सुजान सिंह से उसकी रिश्तेदारी है। वह उससे कोई भी काम करवा सकती है। उसने बेटे अमित की नौकरी के लिए बात की तो बताया कि डीसी सुजान सिंह ने कह कर वह एनएचएम में नौकरी दिलवा देगी। इसके लिए उसने 5 लाख रुपए मांगे।

2020 में NHM में थी भर्ती

बताया गया हे कि यह मामला वर्ष 2020 में कोरोना काल का है। तब सुजान सिंह कैथल में डीसी थे। उस समय नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) में स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती हो रही थी। ओमप्रकाश अपने बेटे अमित को नौकरी लगवाने के प्रयास में था। ओमप्रकाश ने बताया कि उसने महिला नेत्री इंदु परमार के झांसे में आकर उसे 5 लाख रुपए बेटे की नौकरी के लिए दे दिए।



भिवानी बुला दिलाई धमकी

ओमप्रकाश का कहना है कि इसके बाद इंदु से कई बार संपर्क किया, लेकिन वह उसके बेटे को नौकरी नहीं दिला पायी। हर बार उसने बहाने बनाकर टाल दिया। इसके बाद उसने महिला नेत्री से अपने पांच लाख रु वापस मांगे। वह पहले तो पैसे देने में टालमटोल करती रही। बाद में उसे भिवानी कार्यालय में बुला लिया। वह पैसे लेने के लिए पहुंचा तो उसको बदमाशों से धमकी दिलवाई कि रुपए मांगे तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

गृहमंत्री के हस्तक्षेप से केस दर्ज

पीड़ित ने इसके बाद पूरे मामले में गृह मंत्री अनिल विज को जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई। गृहमंत्री ने ओमप्रकाश की शिकायत पर कैथल पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए थे। सिविल लाइन थाना प्रभारी राजफूल सिंह ने बताया कि ओमप्रकाश की शिकायत के बाद महिला नेता इंदु परमार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।



Comments

Vyas Media Network

Vyas Media Network